बेंगलुरु: रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामला, हमलावर की जानकारी देने वाले को 10 लाख का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है। बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में ये घोषणा NIA की ओर से की गई है। NIA ने हमलावर के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। हमलावर की सूचना देने वाले की पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी।

बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड इलाके में हुए रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट की जांच कर रही कर्नाटक पुलिस और एनआईए दोनों आतंकियों की तलाश कर रही है। खुफिया एजेंसियों को शक है कि ब्लास्ट मामले में दोनों आतंकियों की अहम भूमिका है। इनके नाम जुनैद और सलमान बताए जा रहे हैं।

सूत्रों से जानकारी मिली है कि दोनों इस वक्त अजरबैजान में मौजूद हैं। दोनों पहले दुबई में थे, लेकिन बाद में वहां से फरार हो गए। दोनों को लश्कर मॉड्यूल का सदस्य बताया जा रहा है। बेंगलुरु ब्लास्ट की जांच के लिहाज से एनआईए की ओर से की गई छापेमारी काफी अहम है।

धमाके के बाद जांच एजेंसियों को एक संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज भी मिली, जिसमें आरोपी सफेद टोपी और ग्रे कलर की शर्ट पहने नजर आ रहा है। वह अपनी पीठ पर एक बैग ले जा रहा था, जिसमें माना जा रहा है कि संदिग्ध ने बम रखा है। 

सीसीटीवी से पता चला कि वह आदमी बस से आया था, कुछ समय स्टैंड पर बिताया और फिर कैफे में बम छोड़कर चला गया। सीसीटीवी वीडियो में संदिग्ध के बस स्टैंड पर रुकने की समय सीमा को लेकर सवाल यह है कि क्या उसने स्टैंड पर ही बम के लिए टाइमर लगा रखा था।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध को बस से उतरते, स्टैंड पर समय बिताते, कैफे में प्रवेश करते, खाना ऑर्डर करते और फिर जल्दी से निकलते हुए दिखाया गया है। संदिग्ध ने कैफे में केवल 9 मिनट बिताए और फिर चला गया।